थाने से झांसा देकर भागा ₹25 हजार का इनामी बदमाश, SP ने 3 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड... खौफ के मारे कोर्ट में किया सरेंडर
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 12:34 PM (IST)
Ballia News: बलिया में थाना परिसर से इनामी अपराधी के फरार होने के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि हालांकि बाद में फरार अपराधी ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि सुखपुरा थाने से शुक्रवार रात 25 हजार रुपए के इनामी प्रिंस यादव के फरार होने के मामले में लापरवाही बरतने पर 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि निलंबित पुलिसकर्मियों में सुखपुरा थाने के मुंशी (मुख्य आरक्षी) वीरेंद्र कुमार और पीआरवी पर तैनात आरक्षी भरत चौरसिया व सुनील यादव शामिल हैं। इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करनई गांव में शराब के नशे में उत्पात मचा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीआरवी को सौंपा था। पीआरवी ने उसे सुखपुरा थाने के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने बताया कि पुलिसकर्मियों के मुहर्रम के जुलूस की ड्यूटी में व्यस्त होने का फायदा उठाकर युवक झांसा देकर थाना परिसर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
जांच में फरार युवक की पहचान बलिया शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर उदयभान गांव निवासी प्रिंस यादव के रूप में हुई। प्रिंस यादव के खिलाफ बलिया शहर कोतवाली समेत जिले के कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित है। थाना प्रभारी रत्नेश दुबे ने बताया कि फरार हुए प्रिंस यादव ने सोमवार को पुलिस की घेराबंदी के डर से बलिया की एक स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

