आधी रात को DM ऑफिस के बाहर बैठी थी 2 महिलाएं, SDM ने पूछा- क्या हुआ?... जवाब सुनकर अफसर भी रह गए हैरान
punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 02:05 PM (IST)

Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां रात के 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर दो महिलाएं धरना देने बैठ गईं, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। पुलिसकर्मियों ने यह देखा और तुरंत अफसरों को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अत्रे मिश्रा और सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और महिलाओं से पूछा कि क्या हुआ। महिलाओं का जवाब सुनकर अफसरों की नींद उड़ गई। इसके बाद अफसरों ने उन्हें वहां से जाने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं अपनी मांगों पर अड़ी रहीं।
जानिए, क्या था पूरा मामला?
महिलाओं का कहना था कि उन्हें जो पट्टा जमीन मिली थी, उस पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है। इसके बावजूद, जब उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई, तो उन्होंने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना देने का निर्णय लिया। महिलाएं बांसडीह तहसील के देवरार गांव की निवासी हैं और उनका कहना था कि उन्होंने स्थानीय लेखपाल, एसडीएम, तहसीलदार, एडीएम और जिलाधिकारी से भी मदद मांगी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से हो रहा वायरल
एसडीएम अत्रे मिश्रा और सिटी मजिस्ट्रेट ने महिलाओं से बात की और उनकी समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, फिर भी महिलाएं अपनी मांगों पर अड़ी रही। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। अधिकारियों ने महिलाओं को धरना खत्म करने के लिए मनाया, लेकिन महिलाएं अपनी डिमांड पर डटी रहीं। इस अजीब घटना के बाद बलिया प्रशासन में हड़कंप मच गया, और अब इस मामले में अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।