गोरखपुर जेल की 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागा रे/प आरोपी, जेलर समेत 5 अधिकारियों पर गिरी गाज, महकमे में हड़कंप
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 11:36 AM (IST)
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला कारागार की नवनिर्मित चारदीवारी फांदकर एक विचाराधीन कैदी फरार हो गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद जेलर समेत पांच कारागार कर्मियों को निलंबित कर दिया गया और फरार कैदी की तलाश जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), धारा 64(2) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के एक मामले में यहां बंद बांसगांव थाना क्षेत्र के सरसोपार गांव निवासी विपिन (21) फरार हो गया। उन्होंने बताया कि उसे 18 जुलाई को जिला कारागार लाया गया था। वरिष्ठ जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि घटना के संबंध में शाहपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है और पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद कारागार महानिदेशक (डीजी) पी.सी. मीना ने जेलर अरुण कुमार, जेल वार्डन जितेंद्र कुमार गौतम व जितेंद्र कुमार दुबे, प्रधान वार्डन ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और रामजीत सिंह को निलंबित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। महानिदेशक ने वरिष्ठ जेल अधीक्षक दिलीप कुमार पांडेय के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है। पुलिस ने बताया कि फरार विचाराधीन कैदी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

