UP पुलिस का खौफ: थाने में जिन्न ने काटा बवाल, कोतवाल ने पट्टा दिखाया तो पल भर में भाग गया भूत!

punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 01:44 PM (IST)

Unnao News: उत्तर प्रदेश में पुलिस का खौफ सिर्फ अपराधियों में ही नहीं, बल्कि अब भूत-प्रेतों में भी नजर आने लगा है। सोशल मीडिया पर उन्नाव के एक थाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक आरोपी पुलिस के सामने जिन्न आने का नाटक करने लगा। लेकिन जैसे ही कोतवाल ने अपना देसी इलाज (पट्टा) निकाला, जिन्न और औघड़ पल भर में रफूचक्कर हो गए।

क्या था पूरा ड्रामा?
मामला उन्नाव के बिहार थाने का है। जहां पंकज कुमार और राजेश कुमार के बीच जमीन के पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। राजेश ने पंकज को जमीन के लिए 10 हजार रुपए बयाना दिया था, लेकिन जमीन विवादित निकलने पर वह अपने पैसे वापस मांग रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्ष थाने में बैठे थे।

अचानक चिल्लाने लगा आरोपी
थाने में सुनवाई का इंतजार हो ही रहा था कि आरोपी पंकज अचानक अजीबोगरीब हरकतें करने लगा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसने दावा किया कि उसके ऊपर जिन्न और औघड़ आ गए हैं। उसे इस हाल में देख पास बैठा व्यक्ति डरकर भाग खड़ा हुआ और थाने में हड़कंप मच गया।

कोतवाल का पट्टा और जिन्न फरार
शोर सुनकर कोतवाल राहुल सिंह मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने पूछा कि क्या हुआ, तो पंकज चिल्लाकर बोला कि मैं जिन्न हूं, मेरे साथ हमेशा दो साए रहते हैं। कोतवाल ने पहले तो उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब पंकज उल्टा-सीधा बोलने लगा, तो कोतवाल ने अपना पट्टा (बेल्ट) मंगाया। पट्टा देखते ही पंकज के ऊपर से जिन्न और भूत तुरंत उतर गए और वह बिल्कुल सामान्य हो गया। इस दौरान कोतवाल ने उसे एक थप्पड़ भी रसीद किया, जिसके बाद सारा भूतिया ड्रामा खत्म हो गया।

2 महीने पुराना है वीडियो
पुलिस के अनुसार, यह वीडियो करीब दो महीने पुराना है, जिसे किसी महिला पुलिसकर्मी ने बनाया था। अब यह वीडियो इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग पुलिस के इस अनोखे इलाज पर चटकारे ले रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static