हाथरस: शराब के नशे में विवाद के बाद अंधाधुंध फायरिंग, घर से बाहर निकल रहे युवक की गोली लगने से मौत
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 03:47 PM (IST)
Hathras Shooting : उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के ढकपुरा गांव में सोमवार रात शराब के नशे में हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई इस अंधाधुंध गोलीबारी की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय बेकसूर युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार की रात गांव ढकपुरा में एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हो गया था। विवाद के बीच एक पक्ष ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और गोली चलानी शुरू कर दी। 30 साल का सोनू उसी समय अपने घर से बाहर निकल रहा था तभी तभी एक गोली उसके गले में लग गई। उन्होंने बताया कि ढकपुरा निवासी राम सिंह के पुत्र सोनू को बागला जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे गंभीर हालत में बड़े अस्पताल भेजा गया। लेकिन उसकी रास्ते मे ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: Rajasthan: घर में रखी तेजाब की बोतल को पेप्सी समझकर पी गया 4 साल का मासूम, हालत गंभीर
पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है । पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु माथुर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि दोनों एक ही समुदाय व परिवार के हैं और उनमें शराब पीने के बाद मामूली कहा-सुनी हुई थी जिसके बाद यह घटना हुई है।

