''CM योगी जो कर रहे हैं, वह अच्छा नहीं कर रहे''— यौन शोषण की FIR पर भड़के मुकुंदानंद ने आदित्यनाथ पर बोला बड़ा हमला

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:35 AM (IST)

Varanasi News: शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद ब्रह्मचारी पर लगे यौन शोषण के आरोपों ने अब राजनीतिक और धार्मिक रंग ले लिया है। मामले में सह-आरोपी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार जो कर रही है, वह परंपराओं और मर्यादाओं के खिलाफ है।

'PM और गृहमंत्री भी ऐसी हिम्मत नहीं कर सकते'
मुकुंदानंद ने सीएम योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि इतना हम जरूर कहना चाहेंगे कि यूपी में योगी आदित्यनाथ जो कर रहे हैं, वह अच्छा नहीं कर रहे हैं। शंकराचार्य हमेशा से सत्ता की आलोचना करते आए हैं, लेकिन इतनी हिम्मत तो देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने भी नहीं दिखाई कि वे इतना घिनौना आरोप लगवाएं। उन्होंने इस पूरी कार्यवाही को शंकराचार्य की छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया।

हिस्ट्रीशीटर पर फोड़ा ठीकरा, सरकार से पूछे तीखे सवाल
मुकुंदानंद ने आरोपों के पीछे जगतगुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष का हाथ बताया। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता खुद कांधला थाने का हिस्ट्रीशीटर (HS-21) है और उस पर 28 मुकदमे दर्ज हैं।
- सवाल: जिस पर दर्जनों मुकदमे हैं, वह सरकार की नाक के नीचे बाहर कैसे घूम रहा है?
- दावा: जिन बच्चों ने आरोप लगाए हैं, उन्हें हमने कभी अपने विद्यालय में नहीं देखा। यह पूरी कहानी मनगढ़ंत है।

बच्चों की सुरक्षा पर जताई चिंता
मुकुंदानंद ने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा का डर नहीं है, लेकिन उन्हें उन बच्चों और उनके अभिभावकों की चिंता है जो फिलहाल उस हिस्ट्रीशीटर के प्रभाव में हैं। उन्होंने मांग की कि बाल कल्याण समिति (CWC) को उन बच्चों को संरक्षण में लेना चाहिए ताकि उन पर कोई दबाव न डाला जा सके।

अब न्यायपालिका पर टिकी नजरें
मुकुंदानंद ने देश की न्यायपालिका से 'दूध का दूध और पानी का पानी' करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं की टीम, जिसकी कमान परमेश्वर नाथ मिश्रा संभाल रहे हैं, हाईकोर्ट पहुंच चुकी है। जल्द ही अदालत में इन आरोपों के खिलाफ तथ्य पेश किए जाएंगे। मुकुंदानंद ने मांग की कि फर्जी आरोप लगाने वालों को ऐसी सजा मिले जो मिसाल बन जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static