बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर फोटोग्राफर से बड़ी लूट: गनपॉइंट पर 6 कैमरे, 7 लेंस और गिम्बल लेकर भागे बदमाश
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 08:59 AM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा इलाके में एक फोटोग्राफर को कथित रूप से जन्मदिन पार्टी की शूटिंग के बहाने बुलाकर महंगे फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी उपकरण लूट लिए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-उत्तर) गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि माल क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव के पेशेवर फोटोग्राफर-वीडियोग्राफर अशोक यादव ने सोमवार को इटौंजा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित फोटोग्राफर से 6 कैमरे और 7 लेंस लूटकर भागे बदमाश
चौधरी ने कहा कि शिकायत के अनुसार, कुछ अज्ञात लोगों ने यादव को जन्मदिन समारोह की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए 1 जून को रात करीब साढ़े 8 बजे नीलांश वाटर पार्क रोड के पास पहुंचने को कहा। पुलिस ने बताया कि मौके पर पहुंचते ही 2 मोटरसाइकिलों पर सवार 4 अज्ञात लोगों ने उनकी कार रोक ली और धमकाकर उपकरण लेकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार लूटे गए सामान में करीब 6 कैमरे, 7 लेंस, 2 गिम्बल और 1 मोबाइल फोन शामिल हैं।
संदिग्धों की हुई पहचान, CCTV खंगाल रही पुलिस
डीसीपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर इटौंजा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई हैं तथा इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अन्य तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

