CCTV फुटेज और मुखबिर का जाल... आधी रात को पुलिस की घेराबंदी देख बदमाशों ने चलाई गोली, फिर मिला करारा जवाब
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 01:49 PM (IST)
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रविवार देर रात चेतगंज और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम से रामनगर थाना क्षेत्र के बंदरगाह के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल बदमाश आकाश सेठ को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि मौके से भाग रहे उसके साथी आशीष को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
चेतगंज थाना प्रभारी वी.के. शुक्ला और रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा की गई कार्रवाई में पकड़े गए दोनों बदमाशों ने कुछ दिन पहले चेतगंज क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, आशीष और आकाश की तलाश की जा रही थी। सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों की पहचान की गई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामनगर क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान दोनों बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश आकाश सेठ के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

