''डॉक्टर साहब! इसी ने काटा है, देखो जहरीला है क्या?'' जब थैले में 5 फीट लंबा सांप लेकर अस्पताल पहुंचा बुजुर्ग
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 08:00 AM (IST)
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया हैजिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे, जहां रात में सांप के काटने से घबराने के बजाय एक 60 साल के बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाई। बुजुर्ग ने न सिर्फ डंडे से वार कर सांप को मौके पर ही मार डाला, बल्कि खुद अपने घाव पर पट्टी बांधी, आराम से चाय पी और सुबह उसी मरे हुए सांप को थैले में भरकर डॉक्टर के पास पहुंच गए।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना महोबा के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ननौरा गांव की है। गांव के रहने वाले उत्तम नायक (60) अपने खेत में बने टीन शेड के नीचे सो रहे थे। रात करीब 1 बजे जब वह गहरी नींद में थे, तभी उनके दाहिने हाथ की उंगली में तेज दर्द का अहसास हुआ। अंधेरे में जब उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा तो पास ही चूल्हे के पीछे करीब 5 फीट लंबा काला सांप बैठा हुआ था। सांप को देखते ही बुजुर्ग ने आव देखा न ताव, तुरंत लाठी उठाई और सांप पर ताबड़तोड़ वार कर उसे ढेर कर दिया।
सांप को मारने के बाद उत्तम नायक ने बिना किसी घबराहट के अपने हाथ के जख्म पर खुद ही कसकर पट्टी बांधी। इसके बाद उन्होंने खेत में ही चाय बनाई, चाय पी और करीब 4 से 5 घंटे तक सुबह होने का इंतजार करते रहे। सुबह 5 बजे वह मरे हुए सांप को एक थैले में बंद कर अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई। यह सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और वे तुरंत बुजुर्ग को जिला अस्पताल लेकर भागे।
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जब डॉक्टर और वहां मौजूद लोगों ने बुजुर्ग के हाथ का थैला देखा तो सब दंग रह गए। थैले में वही 5 फीट लंबा मरा हुआ काला सांप था। उत्तम नायक ने बेफिक्री से डॉक्टर से कहा कि साहब! इसी सांप ने काटा है, जरा देखकर बताओ यह जहरीला है या नहीं? इमर्जेंसी में तैनात डॉक्टर नवीन चौहान ने तुरंत बुजुर्ग की जांच शुरू की। जांच के बाद राहत की बात सामने आई कि बुजुर्ग के शरीर में जहर का कोई असर नहीं फैला था।
डॉक्टरों के मुताबिक, सांप का केवल एक ही दांत बुजुर्ग की उंगली में लग पाया था, जिससे शरीर में जहर नहीं पहुंचा और एक बड़ी अनहोनी टल गई। शुरुआती इलाज के बाद बुजुर्ग की हालत पूरी तरह से सुरक्षित पाई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। फिलहाल पूरे इलाके में बुजुर्ग की इस अनूठी हिम्मत और बेफिक्र अंदाज की चर्चा हो रही है।

