CCTV ने खोला बहराइच कांड का राज: पति के साथ मिलकर अपने ही घर को फूंका, आग में झुलसकर पत्नी की मौत

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 01:33 PM (IST)

Bahraich News: बहराइच जिले में एक महिला ने कथित तौर पर संपत्ति विवाद में अपने रिश्तेदारों को फंसाने के लिए घर में आग लगा दी लेकिन झुलसने के कारण उसकी ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में उसके पति को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के गांव नूरुद्दीन चक में हुई इस घटना के सिलसिले में मंगलवार को महिला के पति के अलावा उसके भाई और भतीजे को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, 16 मई को आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक मकान आग की लपटों में घिरा मिला। उन्होंने बताया कि आग में झुलसी चंदा उर्फ महबूबी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर किया गया। लखनऊ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:- दीपिका नागर मौत मामला: NCW सख्त, UP पुलिस प्रमुख से 7 दिन में मांगी एक्शन टेकन रिपोर्ट

शुरुआत में पति की शिकायत पर चंदा के सौतेले भाई और 2 भतीजों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। अधिकारी ने बताया कि हालांकि, जांच के दौरान पता चला कि चंदा का अपने सौतेले भाइयों के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था और उसने उन्हें एक आपराधिक मामले में फंसाने के लिए कथित तौर पर साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, चंदा अपने मायके में रह रही थी और संपत्ति विवाद के कारण उसने जयपुर निवासी अपने पति राजीव के साथ मिलकर घर में आग लगाने की साजिश रची थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की रात के सीसीटीवी फुटेज में राजीव एक कैन लेकर कई बार घर के आसपास आता-जाता दिखाई दिया।

ये भी पढ़ें:- शरीर पर कई जगह चोट के निशान, अंदरूनी अंग भी फटे... दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खौफनाक खुलासे

उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान राजीव ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर घर में आग लगाई थी, ताकि इसका आरोप चंदा के सौतेले भाई और भतीजों पर लगाया जा सके लेकिन आग लगाते समय चंदा खुद उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई। श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के बाद चंदा के भाई शफी अहमद और भतीजे शमी अहमद न तो उसे समय पर इलाज के लिए ले गए और न ही लंबे समय तक पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि दोनों को साजिश में शामिल होने और घटना की जानकारी पुलिस से छुपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static