पशुपालकों के लिए बड़ी राहत! अब नहीं होगा बड़ा आर्थिक नुकसान, योगी सरकार लाई नई बीमा योजना, जानें कब और कैसे मिलेगा लाभ
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:30 PM (IST)
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 'मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना' की कार्ययोजना एवं वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी गई। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने मंत्रिमंडल के इस निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और डेयरी संचालकों को पशुओं की मृत्यु या दुर्घटना से होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना और उन्हें वित्तीय सुरक्षा प्रदान करना है।
उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में इस योजना के संचालन के लिए 60 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है तथा बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी। सिंह ने बताया कि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों, भूमिहीन पशुपालकों, डेयरी फार्म के पशुपालकों तथा अन्य पात्र पशुपालकों के पशुओं का बीमा कराया जाएगा और अगर किसी पशु की महामारी, दैविक आपदा, आकस्मिक दुर्घटना के कारण मृत्यु हो जाती है या वह अनुपयोगी हो जाता है, तो बीमा के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव में वित्त वर्ष 2026-27 में इस योजना के संचालन के लिए 60 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। सिंह ने बताया कि इस बजट के माध्यम से उत्तर प्रदेश में कुल दो लाख 28 हजार 350 पशुओं का बीमा कराया जाएगा जबकि इसमें योजना के तहत बीमा प्रीमियम का 85 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी, एवं 15 प्रतिशत राशि लाभार्थी को अंशदान के रूप में देनी होगी।

