किसान विरोधी है योगी सरकार: प्रियंका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2020 - 10:04 AM (IST)

लखनऊ: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाया। श्रीमती वाड्रा ने सोशल मीडिया पर वायरल मिर्जापुर का एक वीडियो ट्वीट किया जिसमें रविवार को रेलवे लाइन के लिये प्रस्तावित जमीन के अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानो पर पुलिस ने लाठियां पटकना दर्शाया गया है।  

ट्वीट में प्रियंका ने लिखा ‘‘ मिर्जापुर के किसानों ने मेहनत से अपनी फसल लगाई थी और भाजपा सरकार की पुलिस ने खड़ी फसल रौंद दी। कल मुख्यमंत्री और प्रधानमन्त्री ने किसानों के लिए खूब झूठे ऐलान किए और 24 घंटे भी नहीं बीते कि महिला किसानों के साथ सरकार का व्यवहार देखिए। किसान विरोध भरा है भाजपा के अंदर। ''   

गौरतलब है कि रविवार को मिर्जापुर जिले के कुंडाडीह और जादवपुर गांव में जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे किसानो और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों के बीच झड़प हो गयी थी। पुलिस ने किसानों को हटाने की कोशिश की और नहीं मानने पर लाठीचार्ज कर दिया। इसमें कुछ किसान चुटहिल हो गये थे। किसानों की मांग थी कि उनकी खड़ी फसल को न रौंदा जाए। जमीन की नापी और गेहूं की फसल कटने के बाद ही निर्माण कार्य कराया जाए। हालांकि जिलाधिकारी सुशील पटेल ने लाठीचार्ज की घटना से इंकार किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ajay kumar

Recommended News

Related News

static