12 हजार अपात्र ले रहे हैं किसान सम्मान निधि का लाभ, जांच में हुआ खुलासा

punjabkesari.in Saturday, Oct 29, 2022 - 03:49 PM (IST)

फतेहपुर (नितेश श्रीवास्तव) : केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी किसान सम्मान निधि योजना में जिले से फर्जीवाड़े की खबर सामने आई है। जांच के दौरान अधिकारियों को हजारों में ऐसे किसानों की सूची मिली है। जिनकी या तो मौत हो चुकी है या वो भूमिहीन है। जिले में ऐसे किसानों की संख्या और भी बढ़ सकती है। क्योंकि जिले की 75 प्रतिशत भूमि की जांच की जा चुकी है। इस मामले में उप कृषि निदेशक ने बताया कि शासन के निर्देश के बाद ऐसे अपात्र लोगों से वसूली की कार्यवाई की जायेगी।

भू सत्यापन से खुली अपात्रों की पोल
फतेहपुर जिले में पीएम किसान सम्मान निधि के भू सत्यापन के साथ अपात्रों की पोल खुलने लगी है।  जिले में कुल 3 लाख 65 हजार 317 किसानो के भूमि का सत्यापन हो चुका है। जिसमे 9 हजार के लगभग ऐसे किसान मिले हैं। जो मर चुके हैं और सम्मान निधि की धनराशि उनके खाते में लगातार जा रही है। सत्यापन के दौरान लगभग तीन हजार ऐसे किसान मिले हैं जो भूमिहीन हैं और सम्मान निधि की धनराशि का फायदा उठा रहे हैं। अभी सत्यापन पूरा होने पर भूमिहीन किसानो की संख्या ओर बढ़ सकती है क्योंकि जिले में अब तक 75 प्रतिशत भूमि का आकलन किया जा चूका है।

मृतकों के नाम योजना से हटाए जाएंगे
वहीं इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि सत्यापन के दौरान सामने आये मृतक लाभार्थियों के नाम योजना से डिलीट किए जाएंगे।  इसके लिए किसान के मृत्यु प्रमाण पत्र व वरासत जुटाए जा रहे हैं। सारी औपचारिकता पूरी होने के बाद जल्द मृतकों के नाम लाभार्थियों की सूची से बाहर किया जाएगा। जिन भूमिहीन किसानों ने सम्मान निधि का लाभ लिया है। उनसे शासन के निर्देश के बाद वसूली की कार्यवाई की जायेगी।

जिले में भूलेख के सत्यापन व केवाईसी का अभियान चल रहा
उप कृषि निदेशक राम मिलन परिहार ने बताया कि वर्तमान समय में किसानों के भूलेख के सत्यापन व केवाईसी का अभियान चल रहा है. जिले में कुल 3 लाख 65 हजार 317 किसान जिनकी आईडी सृजित है। जिले में अब तक 75 प्रतिशत भूमि का आकलन किया जा चुका है। सत्यापन में अभी तक 9 हजार के लगभग किसान मृतक निकले हैं। उनके वारिशान नई तरीके से रजिस्ट्रेशन कराएंगे तभी वह लाभार्थी के रूप में चिन्हित होंगे। वहीं भूमिहीन किसानों की संख्या लगभग तीन हजार हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static