अहमदाबाद विमान हादसे में 133 यात्रियों की मौत, एयर इंडिया ने जारी की हेल्पलाइन नंबर

punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 04:21 PM (IST)

यूपी डेक्स: अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में हुए विमान दुर्घटना में 133 यात्रियों की मौत हो गई है। एयर इंडिया ने यात्रियों के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कर दिया है।  011-24610843 | 9650391859 आप इस नम्बर पर जानकारी ले सकते है। एयर इंडिया ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के संबंध में अधिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक समर्पित यात्री हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है।

एअर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि विमान दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता के लिए एयरलाइंस हर संभव प्रयास कर रही है और इस हादसे में प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। लंदन जा रहा एअर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे। बोइंग विमान तेजी से नीचे आता दिखाई दिया और अपराह्न करीब दो बजे अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। चंद्रशेखरन ने एक बयान में कहा, ‘‘बहुत दुख के साथ, मैं पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की उड़ान, एआई 171 आज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हमारी गहरी संवेदनाएं इस घटना में प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं।

चंद्रशेखरन टाटा समूह के चेयरमैन भी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस समय हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिजनों की सहायता करने पर है। हम दुर्घटना स्थल पर आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं।'' चंद्रशेखरन ने कहा कि एक आपातकालीन केंद्र शुरू किया गया है तथा जानकारी मांगने वाले परिवारों के लिए सहायता दल तैनात किये गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि और सत्यापित सूचना प्राप्त होने पर अतिरिक्त विवरण साझा किया जाएगा।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल से बात कर अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान हादसे की जानकारी ली है। गृह मंत्रालय के अनुसार अहमदाबाद में एयर इंडिया का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शाह ने गुरूवार को मुख्यमंत्री पटेल से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने मुख्यमंत्री को केन्द्री की तरफ से हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया।  शाह ने राज्य के गृह मंत्री और अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त से भी बात की है। उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद से लंदन जा रहा यह विमान उडान भरने के दौरान ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में चालक दल और यात्रियों को मिलाकर करीब ढाई सौ लोग सवार थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static