UP में बड़ा हादसा: मुंडन संस्कार में गए तीन लोगों की गंगा नदी में डूबने से मौत, एक लापता, मृतकों में दो किशोर

punjabkesari.in Saturday, Apr 25, 2026 - 01:50 PM (IST)

Ballia News : बलिया जिला मुख्यालय के श्री रामपुर घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबने से दो किशोरों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घटना में नदी में डूबे नाबालिग की तलाश जारी है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने दोनों किशोरों समेत तीनों व्यक्तियों के शव शुक्रवार शाम को बरामद किए। पुलिस के अनुसार इसी घाट पर एक अन्य घटना में एक नाबालिग नदी में डूब गया जिसकी तलाश जारी है। 

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) क्षितिज त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को दो किशोर और एक युवक गंगा में डूब गए, जिनकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक ये लोग जनाड़ी गांव निवासी शिव जी वर्मा के पौत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे और मुंडन के बाद परिजनों के साथ गंगा स्नान करने गए थे। स्नान के दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए जिससे डूबने से उनकी उनकी मौत हो गई। एसएचओ ने बताया कि मृतकों में दुबहर थाना क्षेत्र के घोड़हरा गांव का अमन खरवार (17), बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शीतल दवनी गांव का बलवंत वर्मा (20) और बैरिया थाना क्षेत्र के शिवन टोला गांव का कृष्णा वर्मा (17) शामिल हैं। 

उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार शाम अमन, बलवंत और कृष्णा के शव नदी से बाहर निकाले। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि एक अन्य घटना में बृहस्पतिवार सुबह श्रीरामपुरघाट पर देवरिया जिले में लार रोड निवासी सन्नी पटेल (13) नहाते समय डूब गया। उसकी अब तक तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि सन्नी पटेल की तलाश के लिए एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार खोज अभियान में जुटी है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static