16 वर्षीय लड़के को 14 दिन तक बंधक बनाकर 5 दरिंदों ने किया कुकर्म, नहीं दिया खाना

punjabkesari.in Monday, Aug 30, 2021 - 03:37 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के जेवर क्षेत्र में रहने वाले एक किशोर को 5 लोगों ने कथित रूप से अगवा कर उसे 14 दिन तक उसे बंधक बनाया तथा उसके साथ कुकर्म किया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जेवर के थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले 16 वर्षीय किशोर को 5 लोगों ने 14 अगस्त को कथित रूप से अगवा कर लिया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर उसके साथ कई दिनों तक कथित रूप से कुकर्म किया। 

उन्होंने बताया कि इस मामले में जेवर थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने विकास, रिजवान, प्रेमपाल, राहुल, व सुदीप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी फरार हैं उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि किशोर का डॉक्टरी परीक्षण करवाया गया है और उसमें यह बात सामने आई है, कि उसके साथ आरोपियों ने लगातार कुकर्म किया है। 

उन्होंने कहा कि पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि आरोपियों ने उसे बेहोश कर दिया, और जब होश आया तो वह आगरा में था। उन्होंने पीड़ित के हवाले से बताया कि उसे बंधक बनाया हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उसे 14 दिन तक खाने के लिए कुछ नहीं दिया, और कुकर्म करते रहे। अधिकारी ने बताया कि आरोपी केवल बेहोश करने के लिए उसे दूध पिलाते थे और जब उसे होश आता वह बिना कपड़ों के होता था। 


 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj