85 साल का पिता मांगता रहा रहम की भीख, बेटा बरसाता रहा लात-घूंसे... रूह कंपा देगा बांदा का CCTV फुटेज

punjabkesari.in Sunday, Sep 20, 2026 - 08:05 AM (IST)

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रिश्तों को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। जहां कमासिन थाना क्षेत्र के ओझा नगर में एक बेटे ने संपत्ति के लालच में आकर अपने 85 वर्षीय बुजुर्ग और लकवाग्रस्त पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी। लाचार पिता को लात-घूंसों से पीटने और जमीन पर घसीटने की यह पूरी हैवानियत घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग चलने-फिरने में भी पूरी तरह असमर्थ हैं और लकवे की बीमारी से जूझ रहे हैं। बुजुर्ग के बड़े बेटे कैलाश ने बताया कि वह नौकरी के सिलसिले में बेंगलुरु में रहता है, जबकि घर पर उसका छोटा भाई और पिता साथ रहते थे। छोटा भाई काफी समय से जायदाद को लेकर पिता पर दबाव बना रहा था और इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। 16 सितंबर को जब छोटे भाई ने बुजुर्ग पिता पर हमला किया, तो यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बेंगलुरु में मौजूद कैलाश ने जब फोन पर सीसीटीवी फुटेज देखा तो उसके होश उड़ गए। वह तुरंत सब काम छोड़कर गांव लौटा और अपने घायल पिता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें:- जेल में आई रिपोर्ट तो खुली पोल, S#X रैकेट की आरोपी निकली HIV संक्रमित... बाराबंकी में उड़े अफसरों के होश

मामले की जानकारी देते हुए कमासिन थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में FIR दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जांच में शामिल किया गया है। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों भाइयों के बीच भी संपत्ति बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है और दोनों एक-दूसरे पर पहले भी मामले दर्ज करा चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static