जमीन विवाद में खूनी खेल! घर में घुसकर युवक की गोली मारकर हत्या, मर्डर से इलाके में हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, Jan 25, 2026 - 03:19 PM (IST)

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने रविवार सुबह खूनी रूप ले लिया। दुबौली गांव में पाटीदारों के बीच चले आ रहे विवाद के चलते एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 9 बजे की है, जब 4–5 लोग कथित तौर पर घर में घुस आए और वारदात को अंजाम दिया।

मृतक की पहचान गांव निवासी पंकज निषाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने पहले पंकज के चाचा पर कुदाल से हमला किया। जब पंकज उन्हें बचाने के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और जबरन कमरे में ले जाकर गोली मार दी। गोली लगते ही पंकज गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ पंकज को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंकज की बेटी ने आरोप लगाया कि हमलावर उनके ही पाटीदार हैं, जिनमें रामजतन, अंकुल, सूरज और विशाल शामिल हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अंकुल कई साल बाद गांव लौटा था और आते ही वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही झंगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static