जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष! अधिवक्ता की हत्या पर भड़का जिला बार एसोसिएशन, कर दी बड़ी डिमांड

punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 03:14 PM (IST)

गोण्डा  (ओम चन्द शर्मा): उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र में भूमि विवाद में अधिवक्ता सुभाष चंद्र की हत्या के विरोध में सोमवार को वकीलों ने कचहरी से एसपी कार्यालय तक जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वकीलों ने प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन सौंपा
अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या से नाराज जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविचंद्र त्रिपाठी कहा कि अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। घटना में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन पुलिस अधीक्षक को सौंपा।

आप को बता दें कि जिले के करनैलगंज इलाके में रविवार दोपहर जमीन के विवाद ने अचानक भयावह रूप ले लिया। खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गया। इस घटना में कई लोग घायल हुए। जबकि एक अधिवक्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मारपीट के दौरान कई लोग घायल
इस मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज गोंडा ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान 59 वर्षीय अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्रा ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही गांव में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया।

जमीन की विरासत और बैनामे को लेकर चल रहा था विवाद
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच जमीन की विरासत और बैनामे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार को वही पुरानी रंजिश हिंसा में बदल गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक बोले- केस दर्ज कर जांच की जा रही
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के सुदई पुरवा गांव में जमीन कबजेदारी को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में प्रथम पक्ष के तीन लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में भर्ती कराया गया जिसमें सुभाष चंद्र की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन विश्वास चंद्र की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static