Road Accident: यात्रियों से भरी डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलटी, 40 यात्री घायल
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 01:08 PM (IST)
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकरा कर पलट गई, जिसमें 40 यात्री घायल हो गये। घायलों की चीखपुकार सुनकर मौके पर स्थानीय लोग पहुंचे। घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सौरिख के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), तिर्वा के राजकीय मेडिकल कालेज, छिबरामऊ के एक अस्पताल और इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि बस मे 70 यात्री सवार थे, जबकि बस में बैठने की क्षमता 56 यात्रियों की थी। सौरिख थाना प्रभारी जयन्ती प्रसाद गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है, जिसके कारण हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गये। डाक्टरों के अनुसार ज्यादातर घायलों के हाथ, पैर व सिर में चोट आई है। बस को रास्ते से हटा दिया गया है। फरार चलाक की तलाश शुरू कर दी गई है।

