प्रेम प्रसंग में बड़ी वारदात! युवक पर जानलेवा हमला, प्रेमिका के परिजनों पर फायरिंग का आरोप
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 04:07 PM (IST)
हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिल के कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव औड़पुर बरवाना में युवती के परिजनों ने युवक पर हमला करते हुए फायरिंग कर दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव औड़पुर बरवाना निवासी युवक सुभाष का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर युवती के परिजन युवक से रंजिश रखते थे। बताया जा रहा है कि पहले भी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है।
दवा लेने जाते समय हुआ हमला
घटना के दिन युवक सुभाष अपने भाई के लिए दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में युवती के परिजनों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पहले युवक के साथ मारपीट की गई और फिर उस पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक की कमर को छूते हुए निकल गई।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पीड़ित का बयान
घायल युवक सुभाष ने बताया कि वह दवा लेने जा रहा था, तभी युवती के परिजनों ने उस पर हमला कर दिया और गोली चला दी। उसने यह भी कहा कि पहले दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद से ही आरोपी उससे रंजिश रखते थे।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

