गंगा स्नान के दौरान PCS अधिकारी की अचानक बिगड़ी तबीयत और फिर जो हुआ...
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 03:25 PM (IST)
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के ब्रजघाट से दर्दनाक घटना सामने आई। अलीगढ़ निवासी पीसीएस अधिकारी बच्चू सिंह (52), पुत्र महाराज सिंह, की गंगा किनारे खड़ी नाव में बैठे-बैठे अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह वर्तमान में रामपुर जनपद में संयुक्त निदेशक, मुद्रक एवं लेखन सामग्री विभाग के पद पर तैनात थे।

स्नान के बाद कर रहे थे विश्राम
जानकारी के अनुसार, बच्चू सिंह गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के उद्देश्य से ब्रजघाट पहुंचे थे। स्नान के बाद वह गंगा किनारे खड़ी एक नाव में बैठकर कुछ देर आराम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर नाव में ही गिर पड़े। घटना से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और नाविकों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल भिजवाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
परिवार में मचा कोहराम
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रशासनिक अधिकारियों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

