ढाबे की आड़ में चल रहा था गोरखधंधा!, पुलिस की छापेमारी में 9 गिरफ्तार, आपत्तिजनक सामग्री बरामद
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 07:39 PM (IST)
मथुरा: उत्तर के मथुरा जनपद के थाना छाता क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 स्थित एक ढाबे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया, जबकि गिरोह का मुख्य संचालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस को बीते कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि चौकी दौताना क्षेत्र के पास स्थित इस ढाबे में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद क्षेत्राधिकारी छाता के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कार्रवाई से पहले पुलिस ने एक व्यक्ति को फर्जी ग्राहक बनाकर ढाबे पर भेजा, जिससे पूरे मामले की पुष्टि हो सकी। इसके बाद पहले से तैनात पुलिस टीम ने अचानक छापा मार दिया। पुलिस के पहुंचते ही ढाबे में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इधर-उधर भागने लगे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को कोतवाली छाता लाकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

