श्रद्धा या साजिश? 9 माताओं के नाम पर वसूले लाखों, बहू के खौफनाक ड्रामे से बर्बाद हुआ हंसता-खेलता परिवार
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 11:15 AM (IST)
Noida News: दिल्ली-एनसीआर में पढ़े-लिखे परिवारों के बीच अंधविश्वास और जालसाजी का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-121 में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू और उसके मायके वालों पर दैवीय शक्तियों का डर दिखाकर लाखों की ठगी और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के कड़े रुख के बाद अब फेज-3 थाना पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
'मुझमें 9 शक्तियां हैं...' और शुरू हुआ लूट का खेल
पीड़िता के मुताबिक, उनके बेटे की शादी दिल्ली के मयूर विहार की रहने वाली एक युवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही बहू अजीबोगरीब व्यवहार करने लगी। वह दावा करती थी कि उसके ऊपर 9 माताओं और 9 शक्तियों का साया है। बहू घर में अचानक झूमने और चिल्लाने लगती थी। इस तथाकथित साये के इलाज और पूजा-पाठ के नाम पर बहू के परिवार ने पीड़ित के बेटे से करीब 16 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोप है कि बहू बहाने से घर के करीब 35 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर अपने साथ ले गई और वापस नहीं किए।
अमेरिका से भारत तक फ्लाइट में हंगामा
पीड़िता का आरोप है कि उनका बेटा अमेरिका में अच्छी नौकरी करता था, लेकिन बहू के इस व्यवहार ने वहां भी कोहराम मचा दिया। बहू के दबाव और उसके मानसिक ड्रामे के कारण बेटे को अमेरिका में अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। साल 2021 में जब वे भारत लौट रहे थे, तो बहू ने बीच आसमान में फ्लाइट के अंदर जोर-जोर से चिल्लाकर हंगामा किया। उसने व्हाट्सएप मैसेज कर दावा किया कि देवी-देवता उसे भारत ले जा रहे हैं।
तांत्रिकों का सहारा और जानलेवा हमला
भारत आने के बाद जब ससुराल वालों ने डॉक्टर से इलाज कराने की बात कही, तो बहू के मायके वालों ने डॉक्टर के बजाय तांत्रिकों का सहारा लिया। आरोप है कि जब पीड़ित परिवार ने विरोध किया, तो 22 सितंबर 2024 को आरोपी पक्ष ने घर में घुसकर बेटे पर जानलेवा हमला किया। जिसके बाद 19 नवंबर 2024 को दोबारा घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस की सुस्ती और कोर्ट का आदेश
पीड़िता ने पहले पुलिस से मदद मांगी, लेकिन सुनवाई ना होने पर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर नोएडा पुलिस ने बहू समेत उसके परिवार के 5 सदस्यों पर FIR दर्ज की है। पुलिस अब इस पूरे मामले में अंधविश्वास और ठगी के एंगल से सबूत जुटा रही है।

