CCTV में कैद हुई दहशत! आवारा सांड ने बुजुर्ग को सरेआम उठाकर पटका, हालत नाजुक

punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 07:40 AM (IST)

Bijnor News: उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के धामपुर थाना क्षेत्र की फूल बाग कॉलोनी में एक वृद्ध महिला पर सांड ने अचानक हमला कर दिया। महिला सड़क पार कर रही थीं, तभी एक आवारा सांड ने उन्हें दौड़ाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर गए, जहां महिला का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

CCTV में कैद हुई घटना
यह पूरी घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि सांड ने महिला पर अचानक हमला किया और उन्हें पटक कर चला गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जता रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप
कॉलोनी के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। कभी सांड, तो कभी आवारा कुत्ते राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं। कई बार शिकायतों के बाद भी नगर पालिका और प्रशासन की तरफ से कोई सख्त कदम नहीं उठाए गए। लोगों का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम जनता की जान खतरे में पड़ रही है।

कॉलोनीवासियों में गुस्सा
इस घटना के बाद कॉलोनी में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़ने और नियंत्रित करने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। नगर पालिका कर्मचारियों की ज़िम्मेदारी तय की जाए। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, खासकर बुजुर्गों और बच्चों की।

घायल महिला का इलाज जारी
फिलहाल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि चोटें गंभीर हैं, लेकिन स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static