अयोध्या में आस्था का सैलाब! 10 दिन में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 31 दिसंबर और नए साल पर उमड़ सकती है रिकॉर्ड भीड़

punjabkesari.in Wednesday, Dec 31, 2025 - 07:09 AM (IST)

Ayodhya News: रामनगरी अयोध्या में बीते कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देश-विदेश से आने वाले राम भक्तों की भारी भीड़ के चलते पूरा शहर आस्था के रंग में रंगा हुआ है। बीते 10 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला के दर्शन किए हैं। वहीं रविवार को अकेले डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालु राम मंदिर पहुंचे। माना जा रहा है कि 31 दिसंबर को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ और 1 जनवरी (नए साल) के मौके पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ सकती है। प्रशासन का अनुमान है कि नए साल के पहले दिन लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच सकते हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बढ़ाई गई व्यवस्थाएं
नए साल की शुरुआत भगवान श्रीराम के दर्शन से करने के लिए बड़ी संख्या में युवा और परिवार अयोध्या पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। राम जन्मभूमि परिसर में दर्शन लाइनों की संख्या बढ़ा दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन हो सकें।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, ग्राउंड पर उतरे अधिकारी
अब 8 से 10 लाइनों के जरिए रामलला के गर्भगृह में दर्शन कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही राम जन्मभूमि परिसर और हनुमानगढ़ी में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। हनुमानगढ़ी में श्रद्धालुओं की एंट्री मुख्य द्वार से दी जा रही है, जबकि निकास द्वार से अलग-अलग मार्गों पर डायवर्जन किया गया है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ग्राउंड जीरो पर खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। वीआईपी और वीवीआईपी प्रोटोकॉल के बीच आम श्रद्धालुओं को सुचारु दर्शन कराना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

बुधवार को अयोध्या जाएंगे CM योगी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
बुधवार को प्राण प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर राम मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेंगे और रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट इस दिन रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मना रहा है। वर्ष 2024 में पौष शुक्ल द्वादशी के दिन रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी।

राजनाथ सिंह करेंगे जनता को संबोधित
धार्मिक अनुष्ठान के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मां अन्नपूर्णा मंदिर में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद राम मंदिर के निकास द्वार स्थित अंगद टीला पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रद्धालुओं और आम जनता को संबोधित करेंगे। पूरे आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन की सुविधा मिल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static