गोवध के आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, एक आरोपी घायल

punjabkesari.in Sunday, Feb 14, 2021 - 07:13 PM (IST)

गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद जिले के मसूरी इलाके में रविवार को एक व्यक्ति को पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उस पर गोवध करने का आरोप है। गाजय़िाबाद के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने कहा कि 26 वर्षीय शानू ने अपने साथी के साथ मिलकर पुलिस दल पर गोली चला दी और पुलिस ने जब जवाबी गोली चलाई तो एक गोली उसके पैर में लगी। उन्होंने बताया कि कवि नगर थाना क्षेत्र के मसूरी और अवंतिका कॉलोनी के काज़ीपुरा औद्योगिक इलाके के निवासियों ने शुक्रवार को पशु का शव देखा। इसके बाद कुछ गो रक्षक संगठनों ने हंगामा किया और दोषियों को गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

राजा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो व्यक्तियों को घेर लिया, जो मसूरी के नहल गांव में राजवाह नहर के पास कुछ गोवंश का कथित रूप से वध करने की योजना बना रहे थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों ने पुलिस दल पर गोली चला दी। पुलिस कर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई तो एक गोली एक आरोपी के पैर में लगी। उन्होंने बताया कि उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि घायल व्यक्ति की पहचान शानू के तौर पर हुई है। वह मसूरी के डासना कस्बे का रहने वाला है जबकि उसका साथी बिलाल मौके से भाग गया है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शानू के बैग से .315 बोर का एक देसी तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, दो छुरियां और एक रस्सी बरामद की है। राजा ने बताया, ''उसने स्वीकार किया है कि उसने गायों का वध किया था और उनके शवों को शुक्रवार और शनिवार को मसूरी और कवि नगर के इलाकों में फेंक दिया था।'' उन्होंने बताया कि इससे पहले भी गोवंश को अवैध तरीके से वध करने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। राजा ने बताया कि पुलिस उसके खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम, गुंडा कानून और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत आरोप लगाएगी और जिले से तड़ीपार कर देगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Recommended News

Related News

static