8 साल की बच्ची के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा दो किशोरों को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल

punjabkesari.in Tuesday, Jan 31, 2023 - 01:47 PM (IST)

बाराबंकी (अर्जुन सिंह) : जिले में दो नाबालिग लड़कों को तालिबानी सजा देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा रहा हैं कि लड़कों को पेड़ से बांधकर पीटने के साथ गालियां दी जा रही हैं। पिटाई करने वाले लोगों का आरोप है कि यह दोनों लड़के एक आठ वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ कर रहे थे। जिसके बाद इन दोनों की पिटाई की गई। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह बकरी के लिए पेड़ से पत्ते तोड़ रहे थे। जिससे नाराज लोगों ने इनकी पिटाई कर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

PunjabKesari

बकरी के लिए चारा लेने गए थे किशोर
किशोरों के साथ तालिबानी सजा देने का यह पूरा मामला बाराबंकी जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के नूरपुर मोहल्ले का है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक यहां के निवासी मजबुल्ला का लड़का और उसका रिश्तेदार बकरी के लिए चारा लेने खसपरिया गांव में गए थे। यहां आबादी की जमीन पर लगे गूलर के पेड़ से पत्ते तोड़कर घर लौट रहे थे। जिस पर उस गांव के ही त्रिलोकी और उनके लड़के सोनू ने दोनों को पकड़ लिया और उन्हें रस्सी से पेड़ में बांधकर लाठियों से पीटा। इस दौरान वहां ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।

PunjabKesari

पुलिस बोली कार्रवाई कर रहे
बच्चों के साथ ऐसा होता देख ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर दोनों को वहां से छुड़वाया। जिसके बाद घर पहुंचकर लड़कों ने घटना के बारे में अपने परिजनों को बताया। जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मजबुल्ला की तहरीर पर त्रिलोकी और उसके लड़के सोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि वह दोनों लड़के एक आठ वर्षीय बच्ची से छेड़छाड़ कर रहे थे। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मुकदमा लिखा गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prashant Tiwari

Recommended News

Related News

static