UP में दिल दहलाने वाली घटना! आवारा कुत्तों के झुंड ने 8 साल के मायूम को नोचकर मार डाला, खेत में भूसा लेने गया था बच्चा

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 07:21 PM (IST)

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय एक बच्चे को मार डाला। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लवीश (आठ) सोमवार शाम गांव के बाहर खेत से गेहूं की बालियां बीनने गया था और अकेला देखकर आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। 

थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि परिजनों की लिखित सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लवीश के चाचा सुमित ने बताया कि फोन पर बच्चे के लहूलुहान होने की सूचना मिली। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लवीश चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था और गांव के स्कूल में कक्षा तीन का छात्र था। उसके पिता गांव में ही ट्रैक्टर-ट्रॉली में ईंट भरने का काम करते हैं। 

ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों के हमलों से लोग पहले से परेशान हैं और ग्राम प्रधान और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार शाम की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है और ग्रामीण बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static