दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान बवाल: सपा की मांग- वीडियो क्लिप की मदद से पहचान कर दोषियों के खिलाफ हो कार्रवाई

punjabkesari.in Friday, Oct 14, 2022 - 07:25 PM (IST)

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हुए बवाल को लेकर सपा के विधायक ताहिर खां और पार्टी के जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल यादव के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को जिलाधिकारी से मिला।

थानाध्यक्ष पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने का आरोप
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में खां और यादव ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी से वीडियो क्लिप की मदद से बलवाइयों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने थानाध्यक्ष पर कर्तव्य में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया। इसौली सीट से विधायक खां ने बताया कि मूर्ति और मस्जिद क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की सपा-प्रतिनिधिमंडल की मांग पर जिलाधिकारी से नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटना में एक पुलिस कर्मी समेत 6 लोग घायल
गौरतलब है कि बल्दीराय थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम दुर्गा पूजा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान दो समुदायों के लोग कथित तौर पर डीजे बंद करने को लेकर आपस में भिड़ गए और दोनों तरफ से पत्थर बाजी की गई। इस घटना में एक पुलिस कर्मी समेत 6 लोग घायल हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही बल्दीराय के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राजाराम चौधरी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Related News

static