ड्यूटी के दौरान गायब रहने वाले 724 सरकारी डॉक्टरों के खिलाफ होगी कार्रवाईः ब्रजेश पाठक
punjabkesari.in Monday, Sep 25, 2023 - 12:59 PM (IST)

UP News: उत्तर प्रदेश में सेवा से नदारद सात सौ से अधिक सरकारी डॉक्टरों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अन्य कदमों के साथ साथ राज्य के सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी चल रही है। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा महकमा संभाल रहे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने यह जानकारी दी। पत्रकारों से बातचीत में पाठक ने कहा ''राज्य में लगभग 724 चिकित्सक हैं जो ड्यूटी के दौरान लगातार गायब पाए गए हैं। जांच कराने के बाद ऐसे लोगों को नोटिस दिया गया है और सेवा से बर्खास्त किया जा रहा है।''
उपमुख्यमंत्री ने कहा ''अभी ऐसे 50 चिकित्सक बर्खास्त किए जा चुके हैं। बाकी लोगों को नोटिस देकर ड्यूटी पर वापस आने के लिए कहा गया है। अगर वे नहीं आते हैं तो प्रक्रिया पूरी कर सेवा से उन्हें बर्खास्त किया जाएगा तथा उनकी जगह नए लोगों को तैनात किया जाएगा।'' जानकारी के अनुसार, बड़ी आबादी वाले उत्तर प्रदेश में चिकित्सकों के करीब 19 हजार पद स्वीकृत हैं, जिसके सापेक्ष करीब 12 हजार चिकित्सक तैनात हैं। राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के दावे के बारे में पूछे जाने पर पाठक ने कहा ''पहली बार उप्र सरकार ने पांच लाख रुपये प्रतिमाह वेतन देकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती शुरू की है। मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि बड़ी संख्या में यूपी में विशेषज्ञ चिकित्सक आ रहे हैं।''
भाजपा सरकार तल्लीनता से लोगों की सेवा कर रही हैः पाठक
समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लगाए गए आरोपों के जवाब में पाठक ने कहा ''उनको अपने कार्यकाल की याद नहीं है। समाजवादी पार्टी केवल सोशल मीडिया तक सीमित रह गई है।'' पाठक ने कहा कि सपा प्रमुख को बताना चाहिए कि उनकी सरकार (2012-2017) के दौरान वह और उनके स्वास्थ्य मंत्री कितनी बार अस्पताल में जाकर वहां का हालचाल लेते थे। सपा के शासनकाल में स्वास्थ्य मंत्रालय को एक तरह से लूट का अड्डा बना दिया गया था। आज हम कह सकते हैं कि भाजपा की सरकार तल्लीनता से लोगों की सेवा तथा काम कर रही है।''
आज प्रदेश के सभी अस्पतालों में दवाइयां मिल रही हैंः डिप्टी सीएम
ब्रजेश पाठक आए दिन अस्पतालों का दौरा कर खामियों को दूर करने का निर्देश देते हैं। सरकारी अस्पतालों में संसाधनों की कमी के बारे में उप मुख्यमंत्री ने कहा ''आज प्रदेश के सभी अस्पतालों में दवाइयां मिल रही हैं। चिकित्सक समय पर आ रहे हैं। सभी 75 जिलों में मेडिकल कॉलेज शुरू करने की कार्रवाई चल रही है। 65 मेडिकल कालेज काम कर रहे हैं। शेष की प्रक्रिया चल रही है।'' स्वास्थ्य सेवा में सुधार के बारे में पूछे जाने पर पाठक ने कहा कि राज्य में करीब 21 हजार उपकेंद्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘हेल्थ वेलनेस सेंटर' की स्थापना सरकार की प्राथमिकता है।