अपर मुख्य सचिव के निजी सचिव ने खुद को मारी गोली, सुसाइड नोट में बहन के ससुरालीजनों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप

punjabkesari.in Tuesday, Aug 31, 2021 - 11:09 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में विधान भवन से कुछ ही दूरी पर चाक-चौबंद सुरक्षा वाले बापू भवन में नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव के निजी सचिव ने सोमवार को कथित रूप से खुद को गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बताई जाती है। मौके पर पहुंची पुलिस को छानबीन के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है जिसमें बहन के ससुराल पक्ष के साथ विवाद और पुलिस प्रताड़ना की वजह से मानसिक रूप से परेशान होने का जिक्र किया गया है।

PunjabKesari
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बापू भवन की आठवीं मंजिल पर नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे के निजी सचिव विशंभर दयाल ने रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। बापू भवन विधान भवन के ठीक सामने स्थित है और इसमें मंत्रियों तथा वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तर हैं। हजरतगंज के अपर पुलिस आयुक्त राघवेंद्र मिश्रा ने बताया, ‘‘ मामले की जांच की जा रही है। जिस रिवॉल्वर से गोली चली वह लाइसेंसशुदा बताई जाती है। मगर फिर भी उसके विवरण की जांच की जा रही है।’’ इस सवाल पर कि इतनी कड़ी सुरक्षा वाली इमारत में दयाल अपने साथ रिवाल्वर कैसे ले जा सका, मिश्रा ने कहा कि इस मामले की भी जांच की जाएगी।

इस सवाल पर कि जन्माष्टमी की छुट्टी होने के बावजूद विशंभर दयाल अपने ऑफिस में क्यों थे, इस पर अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस पहलू को भी जांच के दायरे में लिया जाएगा। इस बीच, नगर विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे ने कहा कि वह इस घटना के बारे में जानकर अचंभित हैं। उन्होंने बताया कि दयाल के साथ उनके पारिवारिक संबंध हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static