रास्ते में घेरकर बरसाईं गोलियां, गेहूं पिसवाकर लौट रहे बुजुर्ग किसान की बेरहमी से हत्या... ग्राम प्रधान पर लगा आरोप

punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 12:52 PM (IST)

Mau News: जिले के हलदलपुर थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर 60 वर्षीय किसान राम जन्म राजभर की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार देर शाम ढोलवन गांव में घटी। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि मृतक की पहचान ढोलवन गांव के निवासी राम जन्म राजभर (60) के रूप में हुई है। वह गुरुवार शाम गेहूं पिसवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान, रास्ते में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पीछे से उन्हें गोली मार दी।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने की नाकाबंदी
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घायल राम जन्म को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने गांव के ग्राम प्रधान रामबदन यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले वर्ष अक्टूबर से खेत पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था और राम जन्म को कई बार जान से मारने की धमकी दी गई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है और क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static