आगरा: क्रेन की मदद से गणपति बप्पा की मूर्ति को किया विसर्जन, ड्रोन से हुई पुष्प वर्षा...गाजे-बाजे से मनाया गणेश उत्सव
punjabkesari.in Saturday, Sep 10, 2022 - 02:17 PM (IST)

आगरा: पिछले 10 दिनों से चल रहे गणेश उत्सव का उत्तर प्रदेश के आगरा में पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करने के बाद गजानन को पूरी श्रद्धा के साथ विदा किया। 10 दिन पहले यहां गणेश चतुर्थी वाले दिन भगवान गणपति की 5100 किलो की विशाल मूर्ति की स्थापना की गई थी और आज विशालकाय मूर्ति को क्रेन से विसर्जित किया। इस दौरान गाजे-बाजे और धूमधाम के साथ लोगों ने गणपति को विदा किया।
बता दें कि जिले के कमला नगर में यूपी की सबसे ज्यादा वजन की मूर्ति को स्थापित किया गया था। इस मूर्ति का वजन 5100 किलो है और यह पूरी तरह से इको फ्रेंडली है। यह मूर्ती पूरी तरह से मिट्टी से बनाई गई थी। 5100 किलो की यह भारी भरकम मूर्ति क्रेन से उठाई गई। मूर्ति के विसर्जन को देखने के लिए सैकड़ों की तादाद में भक्त इकट्ठा हो गई थी। बताया जा रहा है कि 51 क्विंटल की मूर्ति को जब विसर्जन के लिए ले जाया जा रहा था तो गणपति महाराज की मूर्ति पर ड्रोन से गुलाब के फूलों की वर्षा की गई। लोगों ने जमकर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष लगाए।