फेमस Actor पर टूटा दुखों का पहाड़, मां के निधन से शोक में डूबी इंडस्ट्री, आखिरी समय में नहीं हो सकी बेटे से मुलाकात
punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2026 - 05:26 PM (IST)
UP Desk : तमिल सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता अजित कुमार के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां मोहिना का 84 वर्ष की आयु में चेन्नई स्थित आवास पर निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी।
आखिरी समय में नहीं हो सकी बेटे से मुलाकात
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, मां के निधन के समय अजित कुमार दुबई में अपने पेशेवर कार्यों में व्यस्त थे। दुखद सूचना मिलते ही उन्होंने अपना कार्यक्रम रद्द किया और तुरंत चेन्नई के लिए रवाना हो गए। मोहिनी मणि, का अंतिम संस्कार 31 मई 2026 की सुबह चेन्नई के बेसंत नगर विद्युत श्मशान घाट में हुआ। परिवार ने इस अंतिम संस्कार को एक निजी समारोह के रूप में आयोजित करने का अनुरोध किया था, जिसमें केवल करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए।
2023 में सर से उठा था पिता का साया
यह अजित कुमार के परिवार के लिए बीते कुछ वर्षों में दूसरी बड़ी व्यक्तिगत क्षति है। वर्ष 2023 में उन्होंने अपने पिता पी. एस. सुब्रमण्यम को खो दिया था। अब मां के निधन से परिवार एक बार फिर गहरे शोक में डूब गया है।
कई फिल्मी हस्तियों ने व्यक्त किया शोक
मोहिना के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर फैल गई। कई फिल्मी हस्तियों, निर्देशकों और सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने की शुभकामनाएं दीं।
फैंस ने व्यक्त की संवेदनाएं
वहीं, अजित कुमार के प्रशंसक भी सोशल मीडिया पर लगातार श्रद्धांजलि संदेश साझा कर रहे हैं। फैंस ने मोहिना को एक स्नेही और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है तथा अभिनेता और उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

