अखिलेश के बयान पर भूपेंद्र चौधरी का पलटवार, कहा- मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं सपा मुखिया
punjabkesari.in Wednesday, Aug 23, 2023 - 02:11 PM (IST)

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि विरासत में मिली सत्ता को खो चुके लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे है, इसलिए वे भाजपा को सत्ता से बाहर करने के बयान दे रहे है, लेकिन उनका ये ख्वाब बस ख्वाब बन कर ही रह जाएगा।
सपा प्रमुख की इच्छा अब कभी पूरी नहीं होगी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ जोड़-तोड़ की राजनीति करके कुर्सी पाने और सत्ता सुख भोगने की सपा प्रमुख की इच्छा अब कभी पूरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जब से समाजवादी पार्टी के मुखिया के रूप में अखिलेश यादव ने नेतृत्व ...संभाला तभी से वे वैशाखियों के सहारे सत्ता में आने के लिए दौड़ रहे हैं।
क्या कहा था अखिलेश यादव ने?
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा को सत्ता से बाहर करके ही सपा दम लेगी। इस बार भाजपा की कोई साजिश कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में साजिश करके भाजपा ने सपा की सरकार नहीं बनने दी थी। इस बार 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सफाया करने का दायित्व समाजवादी पार्टी निभाएगी। सपा प्रमुख पार्टी कार्यालय में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय व राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा नफरती और षड्यंत्रकारी पार्टी
अखिलेश ने कहा कि भाजपा नफरती और षड्यंत्रकारी पार्टी है। इसने देश की मिली-जुली संस्कृति पर आघात करने के साथ ही समाज को बांटने का काम किया है। भाजपा समाजवादी पार्टी और इसके नेतृत्व को बदनाम करती है। भाजपा वास्तविक मुद्दों के अर्थ बदलने में माहिर है। भाजपा लूट और भ्रष्टाचार से सराबोर है। उन्होंने कहा कि सपा का लक्ष्य बड़ा है। सपा इंडिया गठबंधन और पीडीए मिलकर भाजपा को केंद्र की सत्ता से हटाने में कामयाब होगी। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद एचटी हसन, विधायक अबू आसिम आजमी, अताउर्रहमान, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल कादरी, प्रदेश अध्यक्ष शकील नदवी, आदि नेता शामिल हुए।