''सच छुपाने के लिए SIT जांच में जानबूझकर देर कर रही है BJP'', राम मंदिर चढ़ावा मामले पर अखिलेश का तंज

punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 02:19 PM (IST)

कन्नौज : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और कन्नौज से पार्टी सांसद अखिलेश यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सच छुपाने के लिए अयोध्या के राम मंदिर में दिए गए दान और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी की एसआईटी जांच में जानबूझकर विलंब कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र कन्नौज के एक दिन के दौरे के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राम मंदिर में हुए चढ़ावा घोटाले की जांच को भाजपा सरकार जानबूझकर लंबा खींच रही है, ताकि सच को छुपाया जा सके। 

उन्होंने कहा, ''एसआईटी जांच में देर की जा रही है ताकि सच सामने न आए।'' यादव ने रविवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में मामले की जांच पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि अधिकारी सुबूत मिटाने के लिए बेजा समय ले रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में कहा, ''एसआईटी ध्यान रखे… कहीं जांच की रिपोर्ट ही चोरी न हो जाए। फिर कहेंगे 15 दिन और इंतजार कर लो। दिन इसलिए बढ़ा रहे हैं, क्योंकि सबूत ठिकाने लगा रहे हैं।'' सपा प्रमुख ने यह टिप्पणी तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा राम मंदिर में मिले चढ़ावे और दान में कथित अनियमितताओं और हेराफेरी के आरोपों की जांच शुरू करने के कुछ दिनों बाद की है। 

एसआईटी रिकॉर्ड की जांच के साथ-साथ मंदिर के अधिकारियों और मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। सपा प्रमुख ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता अगले चुनावों में उसके मंत्रियों को हरा देगी। उन्होंने कहा, ''जब मंत्री और विधायक हारेंगे, तो मुख्यमंत्री भी नहीं बचेंगे।'' सपा अध्यक्ष ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर टिप्पणी करते हुए भाजपा पर राजनीतिक फायदे के लिए योग का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''लोगों को रोज योग करना चाहिए। भाजपा को योग सिर्फ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर याद आता है और वह इससे राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है।''


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static