राम मंदिर चढ़ावा केस पर ट्रस्ट की सोमवार को अहम बैठक, SIT रिपोर्ट और ट्रस्टियों के इस्तीफों पर होगा बड़ा फैसला
punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 06:09 PM (IST)
अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट और न्यासियों के इस्तीफों पर चर्चा के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य सोमवार को यहां मणि रामदास छावनी में बैठक करेंगे। बैठक के एजेंडे के अनुसार बैठक अपराह्न तीन बजे निर्धारित है। सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर के कामकाज के प्रबंधन के लिए एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति पर भी चर्चा हो सकती है।
इस्तीफों पर होगी चर्चा
शनिवार को अधिकारियों ने बैठक के पांच बिंदुओं वाले एजेंडे की पुष्टि की, जिसमें पहला मुद्दा महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा का है। चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से ये दोनों और विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव विवादों के केंद्र में रहे हैं।
दो समानांतर जांच जारी
यह बैठक आरोपों की दो समानांतर जांच के बीच होने वाली है। इनमें से एक जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रहा है, जिसका कार्यकाल जुलाई के अंत तक बढ़ा दिया गया है, जबकि दूसरी जांच पुलिस कर रही है। एसआईटी और पुलिस ट्रस्ट के तीनों वरिष्ठ अधिकारियों के बयान दर्ज कर चुकी हैं। हालांकि तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। फैजाबाद बार एसोसिएशन के वकीलों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
वित्तीय दस्तावेजों पर भी होगी चर्चा
एजेंडे के अन्य बिंदुओं में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए गैर लेखापरीक्षित आय-व्यय विवरण और बैलेंस शीट, अन्य वित्तीय विवरणों पर चर्चा और उनकी स्वीकृति के बारे में जानकारी देना शामिल है। बैठक का एजेंडा कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने जारी किया है।
महंत नृत्य गोपाल दास अस्पताल में भर्ती
ट्रस्ट के प्रमुख महंत नृत्य गोपाल दास उम्र से जुड़ी समस्याओं के कारण पिछली बैठकों में डिजिटल माध्यम से शामिल हुए थे। वह फिलहाल अस्वस्थ हैं और लखनऊ के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। अस्पताल ने शुक्रवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा था कि दास को दो-तीन दिन में छुट्टी मिलने की उम्मीद है। मणि रामदास छावनी, महंत नृत्य गोपाल दास का आश्रम है।
अब तक आठ आरोपी गिरफ्तार
एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में नामजद आठ लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि पहले इन सभी को 23 जुलाई तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन बाद में पुलिस ने मुख्य आरोपियों में से एक अविनाश शुक्ला की पुलिस हिरासत मांगी और उसे मंजूरी भी मिल गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चढ़ावा चोरी से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सबूत अयोध्या स्थित शुक्ला के घर से बरामद किए गए हैं।

