राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाली पर अखिलेश ने SC को दिया धन्यवाद, कहा- लोकतंत्र और न्यायालय पर लोगों का बढ़ा विश्वास

punjabkesari.in Monday, Aug 07, 2023 - 12:13 PM (IST)

UP Assembly Session: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने राहुल गांधी की सदस्यता बहाल होने पर उन्हें बधाई दी। अखिलेश यादव ने राहुल के साथ-साथ सुप्रीम कोर्ट को भी शुभकामना दी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के इस फैसले से लोगों का लोकतंत्र और न्यायालय पर भरोसा बढ़ा है।

बता दें कि आज से उत्तर प्रदेश में विधानसभा सत्र शुरू हो गया है। वहीं मानसून सत्र की शुरुआत से पहले अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जहां तक कांग्रेस नेताओं और राहुल गांधी का सवाल है तो मैं उन्हें सदस्यता बहाल होने पर बधाई देना चाहता हूं। मैं सुप्रीम कोर्ट को भी बधाई देता हूं। इस फैसले के बाद लोकतंत्र और न्यायालय पर विश्वास बढ़ा है। अखिलेश यादव ने कहा कि और लोगों की सदस्यता भी बहाल होंगी। आजम और उनके बेटे को भी इसी तरह मामले में फंसाया गया। उन्होंने कहा कि अब देखना है जिन लोगों के खिलाफ फैसला है, उनकी सदस्यता जाएगी या नहीं। इसी दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सूखे से किसान परेशान है। किसानों को राहत नहीं मिल रही हैं। वहीं, अखिलेश यादव के ओवैसी के बयान पर कहा कि जानते है कौन किसके साथ है। कौन किसकी भाषा बोल रहा है।

गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता बहाल करने का मार्ग प्रशस्त करते हुए मोदी उपनाम को लेकर की गई टिप्पणी के संबंध में 2019 में उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि मामले में शुक्रवार को उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी। वहीं, अब उनकी लोकसभा सदस्यता बहाल हो गई है। बता दें कि गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने 13 अप्रैल 2019 को कर्नाटक के कोलार में एक चुनावी सभा में मोदी उपनाम के संबंध में की गई कथित विवादित टिप्पणी को लेकर राहुल के खिलाफ आपराधिक मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। राहुल ने सभा में टिप्पणी की थी कि ‘‘सभी चोरों का एक ही उपनाम मोदी कैसे हो सकता है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman Kaur

Related News

static