आज विजय रथ यात्रा के साथ कुशीनगर पहुंचेंगे अखिलेश, गोरखपुर में सपा की सियासी सेंधमारी

punjabkesari.in Saturday, Nov 13, 2021 - 11:22 AM (IST)

कुशीनगर: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी के प्रचार अभियान को आगे बढ़ा रही विजय रथयात्रा के साथ आज दो दिवसीय दौरे पर कुशीनगर पहुंचेंगे। इस दौरान अखिलेश जिले के सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो करेंगे। इससे पहले यादव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर में सियासी सेंधमारी करने के तैयारी में है।       

कुशीगनगर में सपा अध्यक्ष आधा दर्जन स्थानों पर जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। पार्टी कार्यकर्ता रथयात्रा के साथ सपा अध्यक्ष के स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। अखिलेश कुशीनगर के झांगा में शनिवार को 11 बजे जनसभा को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद रामकोला विधानसभा के कप्तानगंज कस्बा में एलआईसी चौराहे पर सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद खड्डा विधानसभा क्षेत्र के रामबाग होते हुए सपा प्रमुख का विजय रथ पकड़ीहार बाजार पहुंचेगा, जहां स्वागत समारोह होगा। इसके बाद नेबुआ नौरंगिया स्थान पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास सभा होगी।

सपा मुखिया का पडरौना विधानसभा क्षेत्र के सूरज नगर चौराहे व पडरौना बावली चौक पर स्वागत होगा। इसके बाद सड़क मार्ग से छावनी, रविन्द्र नगर, बाड़ी पुल, साखोपर होते हुए कसया से कुशीनगर लोटस होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन 14 नवम्बर को समय 10 बजे कुशीनगर विधान सभा के बुद्ध पीजी कालेज पर स्वागत समारोह होगा। उसके बाद राष्ट्रीय राज्य मार्ग से मल्लू डीह, जोकवा बाजार होते हुए फाजिलनगर के निकट मतल्लुक छापर (अहलादपुर) में सभा को संबोधित करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static