बांके बिहारी मंदिर के खजाने को लेकर पर बरसे अखिलेश बोले- … कम-से-कम मंदिरों के ख़ज़ाने तो छोड़ दे… इतना भी लालच अच्छा नहीं...
punjabkesari.in Sunday, Oct 19, 2025 - 10:01 AM (IST)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर के खजाने को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भाजपा सरकार से करबद्ध आग्रह… कम-से-कम मंदिरों के ख़ज़ाने तो छोड़ दे… इतना भी लालच अच्छा नहीं... दुर्भाग्यपूर्ण!
बांके बिहारी मंदिर का खजाना 54 साल बाद खोला गया
आप को बता दें कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद मथुरा के वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर का खजाना शनिवार को 54 साल बाद खोला गया। जिला प्रशासन द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति के नेतृत्व में खजाना खोला गया लेकिन खजाने में कोई भी कीमती सामान नहीं मिला है। कई घंटों तक खजाने के लिए तहखाने में काफी खोजबीन की गई। खोजबीन में अभी तक सिर्फ दो बक्से मिले हैं। दोपहर एक बजे खजाना खोला गया और पांच बजे तक खजाने को बंद कर दिया गया।
1971 में खोला गया था खजाना
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सिविल जज जूनियर डिवीजन और सेवायतों के साथ मिलकर तहखाना खोला था, फिलहाल तहखाने को फिर से बंद कर दिया गया है और अब आगे कब खोला जाएगा ये अभी बताना मुश्किल है। कुछ बक्से मिले हैं बाकी कोई बहुत कीमती सामान नहीं मिला है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार यह खजाना 160 साल पुराना बताया जा रहा है। इसे अब से पहले 1971 में खोला गया था उसके अब दीपावली से पहले शनिवार को धनतेरस वाले दिन खोला गया।
खजाने के लिए तहखाने को खोलने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राइंडर से मुख्य दरवाजे के ताले काटे गए, उसके बाद पुलिस, प्रशासन और कमेटी के सदस्यों ने प्रवेश किया। बांके बिहारी का खजाना खोलने का निर्णय 29 सितंबर को लिया गया था। 17 अक्टूबर को कमेटी के सचिव और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने खजाना खोलने का आदेश जारी किया था।

