अखिलेश यादव की PM मोदी को नसीहत- ‘चीन से सतर्क रहो, अमेरिका से रिश्ते न बिगाड़ो’

punjabkesari.in Sunday, Sep 07, 2025 - 01:57 AM (IST)

कन्नौज/नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर बढ़ते तनाव के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को अमेरिका के साथ संबंध खराब न करने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चीन भारत का दुश्मन है, जो लगातार हमारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। ऐसे में भारत को अपनी विदेश नीति में संतुलन और दूरदर्शिता बरतने की जरूरत है।

"अमेरिका से सबसे बड़ा व्यापार, वहां सबसे ज्यादा भारतीय"
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "भारत का सबसे बड़ा व्यापार अमेरिका के साथ है। हम अमेरिका को छोड़ नहीं सकते।" उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में लाखों भारतीय रहते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में गुजराती समुदाय के लोग उच्च पदों पर कार्यरत हैं। ऐसे में दोनों देशों के बीच रिश्ते बिगड़ना भारत के लिए आर्थिक नुकसान का कारण बन सकता है।

चीन पर हमला, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का दिया उदाहरण
चीन को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “चीन हमारा दुश्मन है, वह हमारी जमीन पर बुरी नजर रखता है।” उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारत को पाकिस्तान से नहीं, बल्कि चीन से ज्यादा चुनौती का सामना करना पड़ा था। यह बयान भारत-चीन सीमा पर लगातार बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में दिया गया है।

रूस-चीन से संबंधों पर भी उठाए सवाल
हाल ही में रूस और चीन के साथ भारत के संबंधों में बढ़ती गर्मजोशी को लेकर अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भारत को उन देशों से सतर्क रहना चाहिए जो उसकी संप्रभुता पर नजर रखते हैं। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि राजनीतिक समीकरणों में रणनीतिक समझदारी जरूरी है।

GST पर भी केंद्र को घेरा
वहीं जीएसटी सुधारों पर अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही इसकी जरूरत बता रही थी। “हमने पहले ही कहा था कि GST में छूट मिलनी चाहिए। जो बात आज मानी जा रही है, हमने बहुत पहले कही थी।" उन्होंने दावा किया कि उनके ट्विटर हैंडल पर इसके कई उदाहरण मौजूद हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mamta Yadav

Related News

static