अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के तहत आने वाले लोगों को उजाड़ा जा रहा है...नहीं दिया सही मुआवजा: अखिलेश यादव
punjabkesari.in Saturday, Aug 05, 2023 - 12:50 PM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि अयोध्या में गरीबों को उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने भाजपा सरकार को घेरे में लेते हुए कहा कि चौदह कोसी परिक्रमा का जो मार्ग चौड़ा हो रहा है, उसमें प्रभावित लोगों को सही मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, दलितों और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अन्याय कर रही है।
दरअसल बीते शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों ने अखिलेश यादव को ज्ञापन सौंपे। इसके साथ ही लोगों ने उचित मुआवजा दिलाने के लिए आग्रह किया। वहीं, अखिलेश यादव ने सपा सरकार बनने पर अयोध्या में जमीनों की अवैध रजिस्ट्री की जांच कराने का भरोसा दिया। इसी दौरान उन्होंने भाजपा सरकार को घेरे में लेते हुए कहा कि भाजपा राज में चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण के अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रवासियों को उजाड़ दिया तो उनके पुनर्वास का क्या होगा। वे अपने पशुधन लेकर कहां जाएंगे।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण में जिनकी जमीने-मकान लिए जा रहे है उन्हें पर्याप्त मुआवजा क्यों नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी सरकार में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर किसानों को बाजार भाव पर मुआवजा दिया गया था। इस दौरान राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, किरन पाल कश्यप पूर्व मंत्री, पवन पांडेय पूर्व मंत्री आदि मौजूद रहे।