आपत्तिजनक वीडियो ने मचाया बवाल; समरीन उर्फ भाभी जान हुई गिरफ्तार! ये भी किए कांड
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 01:42 PM (IST)
Viral Video News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सोशल मीडिया पर डाले गए एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू धर्म और हिंदू समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान समरीन निशा उर्फ भाभी जान के रूप में हुई है।
हिंदू युवा मंच की शिकायत पर केस दर्ज
आरोप है कि महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो बनाकर हिंदू लड़कियों और हिंदू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में नाराजगी फैल गई और कार्रवाई की मांग की जाने लगी। हिंदू युवा मंच के नेता प्रतीक शर्मा ने अमरोहा देहात थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू की।
कौन है आरोपी महिला?
पुलिस के अनुसार, समरीन निशा की उम्र करीब 30 साल है और वह ग्राम सुल्तानपुर इंतजाम अली, थाना अमरोहा देहात की रहने वाली है। महिला पर सोशल मीडिया के जरिए धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ा विरोध
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, कई हिंदू संगठनों और लोगों ने सोशल मीडिया पर विरोध जताया और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 299 और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

