Ayodhya Deepotsav: दीपोत्सव के दौरान होगा त्रेता युग का अहसास, रामायण के महत्वपूर्ण पलों को करीब से देख पाएंगे श्रद्धालु

punjabkesari.in Tuesday, Oct 22, 2024 - 09:43 AM (IST)

Ayodhya Deepotsav: भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य और दिव्य मंदिर में विराजमान रामलला का पहले दीपोत्सव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। दीपोत्सव के दौरान राम की पैड़ी पर जगमगाते लाखों दीपक और सांस्कृतिक विभाग के मंच श्रद्धालुओं को त्रेता युग का अहसास कराएंगे। इस वर्ष दीपोत्सव का आठवां संस्करण पहले से भी अधिक भव्य और अद्वितीय होने जा रहा है। राम की पैड़ी, जहां लाखों दीप जलाए जाएंगे, को विस्तार देने का काम चल रहा है और नगर को पूरी तरह से सजाया और संवारा जा रहा है।

आधुनिक तकनीक से त्रेता युग की झलकियों को किया जाएगा प्रदर्शित
संस्कृति विभाग द्वारा दीपोत्सव के लिए 10 बड़े सांस्कृतिक मंचों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें तीन बड़े और सात छोटे मंच शामिल हैं। इन मंचों पर आधुनिक तकनीक के सहारे त्रेता युग की झलकियों को प्रदर्शित किया जाएगा। रामकथा पार्क में एक विशाल प्रदर्शनी का आयोजन होगा, जो रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आधुनिक तकनीकी माध्यमों से जीवंत करेगी। इस प्रदर्शनी में श्रद्धालु त्रेता युग का अनुभव कर सकेंगे और रामायण के महत्वपूर्ण पलों को करीब से देख पाएंगे। दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए अयोध्या नगर निगम और संस्कृति विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। नगर निगम शहर की साफ-सफाई और पेंटिंग का कार्य कर रहा है, जबकि संस्कृति विभाग मठों, मंदिरों और धार्मिक स्थलों को सजाने-संवारने में जुटा हुआ है। मठ-मंदिरों की सजावट के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक और भव्य वातावरण का अनुभव हो।

राम की पैड़ी को भव्य रूप से सजाया जाएगा
इस वर्ष, दीपोत्सव से पहले अयोध्या को राजधानी लखनऊ से जोड़ने वाले गोरखपुर-लखनऊ रोड को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। इस मार्ग पर रामायण से जुड़े प्रसंगों की जीवंत झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। मार्ग के दोनों ओर रामायण के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को चित्रित करने की योजना बनाई गई है, जिससे दीपोत्सव की पवित्रता और महत्ता को बढ़ाया जा सके। दीपोत्सव 2024 के कार्यक्रम 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अयोध्या के प्रमुख स्थलों पर दीपों की जगमगाहट के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम होगी। मुख्य आयोजन स्थल राम की पैड़ी को भव्य रूप से सजाया जाएगा और यहां लाखों दीप जलाए जाएंगे। संस्कृति विभाग ने पूरे शहर में 10 सांस्कृतिक मंच बनाने की योजना बनाई है, जिनमें रामकथा पार्क में आधुनिक तकनीकी आधारित प्रदर्शनी का आयोजन होगा। गुप्तार घाट में बड़े सांस्कृतिक मंच का निर्माण किया जाएगा। बड़ी देवकाली में यहां भी एक प्रमुख मंच बनेगा। नया घाट में दीपोत्सव के दौरान सबसे बड़ा मंच होगा। रामघाट में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static