आजमगढ़: जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी सपा नेता रमाकांत यादव का रिश्तेदार, उन्हीं के घर से हुआ गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Feb 22, 2022 - 12:47 PM (IST)

आजमगढ़: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में हुए जहरीली शराब कांड के मामले में मुख्य आरोपी समाजवादी पार्टी के नेता रमाकांत यादव का रिश्तेदार निकला है। जिसको पुलिस ने रमाकांत के घर से ही गिरफ्तार किया है। 

जानकारी के अनुसार, सरकारी ठेके की आड़ में रमाकांत के रिश्तेदार रंगेश यादव जहरीली शराब का कारोबार करता था। इस मामले में पुलिस ने अब तक दो अलग-अलग स्थानों से 7 अभियुक्तों को नामजद किया है। पुलिस ने रंगेश यादव समेत सात के खिलाफ हत्या और संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

वहीं, रमाकांत यादव पर जहरीली शराब कांड के आरोपी रंगेश यादव को अपने घर में पनाह देने का आरोप लगा है, जब कि इस मामले में रामाकांत ने सफाई देते हुए कहा है कि चुनाव का समय चल रहा है इसलिए हमारे खिलाफ साजिस रची जा रही है। रमाकांत यादव फूलपुर पवई विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में रमाकांत यादव की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस बीच पुलिस ने छापेमारी कर अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। डीएम अमृत त्रिपाठी का कहना है कि सभी आरोपियों की प्रॉपर्टी को जब्त करते हुए एनएसए के तहत कार्रवाई होगी।

Content Writer

Imran