दिशा पाटनी के घर तड़के फायरिंग, रोहित गोदारा-गोल्डी बरार गैंग ने ली जिम्मेदारी; कहा- संतों के अपमान का लिया बदला
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 07:36 AM (IST)

Bareilly News (मोहम्मद जावेद खान): बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर फायरिंग की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यह घटना बरेली के सिविल लाइंस इलाके में बीते शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे हुई। जहां बाइक सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने दिशा के घर पर कई राउंड गोलीबारी की और फरार हो गए।
किसके घर पर हुआ हमला?
यह फायरिंग दिशा पाटनी के पारिवारिक निवास विला नंबर 40, सिविल लाइंस, बरेली पर हुई। यह घर दिशा के पिता, रिटायर्ड सीओ (पुलिस अधिकारी) जगदीश पाटनी का है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
हमले की जिम्मेदारी किसने ली?
इस फायरिंग की जिम्मेदारी दो कुख्यात गैंगस्टरों — रोहित गोदारा और गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया (Facebook) पर ली है। इन गैंगस्टरों ने एक पोस्ट में लिखा कि यह हमला संत प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के अपमान का बदला लेने के लिए किया गया।
सोशल मीडिया पर लिखा गया धमकी भरा संदेश
'जय श्रीराम... आज जो दिशा पाटनी/खुशबू पाटनी के घर पर फायरिंग हुई है, वो हमने करवाई है। इन लोगों ने हमारे पूज्य संतों और सनातन धर्म का अपमान किया था। ये सिर्फ ट्रेलर है, अगर दोबारा किसी ने हमारे धर्म के खिलाफ कुछ बोला, तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे।' गैंगस्टरों ने यह भी कहा कि यह चेतावनी सिर्फ दिशा पाटनी के लिए नहीं, बल्कि पूरे फिल्म जगत के लिए है। जो भी धर्म या संतों के खिलाफ बोलेगा, उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।
पुलिस की कार्रवाई क्या है?
बरेली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस ने पांच टीमें बनाई हैं, जिनका नेतृत्व SP सिटी और SP क्राइम कर रहे हैं। परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और घर के बाहर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्या थी विवाद की वजह?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल ही में दिशा पाटनी की छोटी बहन खुशबू पाटनी ने संत प्रेमानंद महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर कोई टिप्पणी की थी। गैंगस्टरों ने इसी को आधार बनाकर इस फायरिंग को धार्मिक अपमान का बदला बताया है।
SSP बरेली का बयान
बरेली के SSP अनुराग आर्य ने कहा कि रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी के घर फायरिंग की सूचना मिली है। सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए तेज़ी से काम किया जा रहा है।