2017 से पहले बहराइच में था अपराधियों का बोलबाला: बृजेश पाठक बोले- ‘अखिलेश और राहुल गांधी को सिर्फ कुर्सी की चिंता रहती है’
punjabkesari.in Sunday, Mar 09, 2025 - 09:41 PM (IST)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को कैसरगंज में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का विवरण दिया। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हमें बहराइच के बारे में बहुत अच्छी जानकारी है। वर्ष 2017 से पहले यहां अपराधियों का बोलबाला था, एक वाहन में 10 बंदूकधारी बैठकर चलते थे।
भाजपा राष्ट्र के लिए काम करती है
बता दें कि जनपद के कैसरगंज में स्थित एक लान में रविवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा की ओर से कार्यकर्ता सम्मान और सम्मलेन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक रहे। पदाधिकारियों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कार्यकताओं को अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्र के लिए काम करती है। इसके उदाहरण बहराइच के हमारे अभिभावक मुकुट बिहारी वर्मा जी हैं। उन्होंने पूरा जीवन सादगी में राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश और राहुल गांधी को सिर्फ कुर्सी की चिंता रहती है।
सीतापुर में पत्रकार हत्याकांड के आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बहराइच से हमारा छात्र जीवन से लगाव है। कौन नहीं जानता है कि प्रदेश और बहराइच में वर्ष 2017 से पहले कानून का क्या हाल था। हमने खुद देखा है कि बहराइच में एक वाहन में 10 बंदूकधारी चलते थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में अपराध पर अंकुश लगा। चीन से मोबाइल कारोबार सिमट कर नोएडा में लगा। बृजेश पाठक ने कहा कि 11 साल केंद्र और आठ साल प्रदेश सरकार के बीट रहे हैं। लेकिन कोई भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। जबकि कांग्रेस के कई मंत्री जेल गए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते हम यहां पहुंचे हैं और कार्यकर्ता ही हमारी मजबूती हैं। उन्होंने सीतापुर के पत्रकार हत्याकांड पर बोलते हुए कहा कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे। उन्हें सख्त सजा सरकार दिलवाएगी। इस दौरान विधायक, ब्लॉक प्रमुख, प्रतिनिधि समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।