Bharat Jodo Yatra: यूपी में राहुल और प्रियंका ने 7 किलोमीटर पदयात्रा की, कल बागपत से शुरू होगी यात्रा

punjabkesari.in Tuesday, Jan 03, 2023 - 10:36 PM (IST)

बागपत/गाजियाबाद, Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ‘‘भारत जोड़ो यात्रा'' के तहत मंगलवार को गाजियाबाद की लोनी सीमा से उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया और सात किलोमीटर की पदयात्रा कर वापस दिल्ली लौट गये। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा'' मंगलवार दोपहर को उत्तर प्रदेश में प्रवेश की। यात्रा के लिए तिरंगे और गुब्बारे लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सैलाब दिल्ली के कश्मीरी गेट से सुबह रवाना हुआ था।
PunjabKesari
कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि ''गाजियाबाद में लोनी बार्डर पर प्रवेश करने के बाद सात किलोमीटर की पदयात्रा करने के बाद राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा वापस दिल्ली लौट गये।'' अचानक वापस जाने का कारण पूछने पर सिद्दीकी ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने यह जरूर कहा कि बुधवार को राहुल और प्रियंका सुबह दिल्ली से सीधे बागपत आएंगे और तय कार्यक्रम के अनुसार यात्रा शुरू होगी। यात्रा के मीडिया समन्वयक अंशु अवस्थी ने कहा कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मवी कलां पहुंच गए हैं और जहां रात बिताएंगे वहां उनके खाने और रहने की बड़े पैमाने पर तैयारी की जा चुकी है।
PunjabKesari
राहुल गांधी के साथ करीब 250 विशिष्ट अतिथि होंगे
सोमवार को कांग्रेस पार्टी, बागपत जिला इकाई के अध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने बताया था कि भारत जोड़ो यात्रा का बागपत के मवी कलां गांव में रात्रि प्रवास रहेगा। रात्रि प्रवास के लिए मवी कला गांव के हरी केस्टल फार्म हाउस में राहुल गांधी व अन्य वरिष्ठ नेताओं के लिए व्यवस्था की गई है| उन्होंने बताया था कि राहुल गांधी के साथ करीब ढाई सौ विशिष्ट अतिथि होंगे। जिले में यात्रा मार्ग के बारे में चौधरी ने कहा था कि बुधवार की सुबह मवी कलां गांव से यात्रा शुरू होगी और गुफा मंदिर पहुंचेगी, जहां दर्शन और भोजन के लिए कुछ समय के लिए विश्राम किया जाएगा। चौधरी ने बताया था कि यात्रा पुनः: प्रारंभ होकर सरूरपुरकलां गांव से होते हुए बड़ौत कस्बे में प्रवेश करेगी। चौधरी ने बताया कि राहुल गांधी बड़ौत के छपरौली चुंगी में आयोजित नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभा समाप्त होने के बाद शामली जिले के लिए आगे की यात्रा के लिए रवाना होगी।
PunjabKesari
बृहस्पतिवार शाम को हरियाणा के पानीपत में प्रवेश करेगी यात्रा
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के व्यापक जनसंपर्क अभियान वाली यह यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और उसके बाद यह अपने पहले चरण में तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली से गुजर चुकी है। यात्रा उत्तर प्रदेश में दो दिन रहेगी और उसके बाद बृहस्पतिवार शाम को यह हरियाणा के पानीपत में प्रवेश करेगी। इसके बाद पंजाब से होते हुए यह एक दिन हिमाचल प्रदेश से गुजरेगी और उसके बाद जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी, जहां इसका समापन होगा। जाटलैंड के नाम से पहचान रखने वाले बागपत और शामली जिलों में कांग्रेस की काफी लंबे समय से राजनीतिक पकड़ मजबूत नहीं हो रही है। जहां बागपत लोकसभा से वर्ष 1996 में आखिरी बार चौधरी अजित सिंह ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर जीत दिलाई थी। उसके बाद वह लगातार राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) से चुनाव लड़ते रहे।
PunjabKesari
जयंत चौधरी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का किया समर्थन
वहीं शामली जिले की कैराना लोकसभा सीट पर कांग्रेस से आखिरी बार 1984 में अख्तर हसन सांसद रहे हैं। इस तरह बागपत में 27 साल तो कैराना में 39 साल से कांग्रेस को अपनी खोई जमीन नहीं मिल सकी है। ‘भारत जोड़ो यात्रा' में कांग्रेस को जाटलैंड के बड़े किसान संगठन भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के साथ ही रालोद का समर्थन मिला है। मंगलवार को रालोद के प्रमुख जयंत चौधरी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करते हुए इस अभियान को लोगों को एक सूत्र में जोड़ने वाला करार दिया है।

विपक्षी नेताओं ने यात्रा से खुद को दूर रखा है, लेकिन उन्होंने बधाई दी
जयंत चौधरी ने मंगलवार को यात्रा के समर्थन में ट्वीट कर कहा, ‘‘तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़़ कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा ये अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहें!'' इससे पहले कांग्रेस पार्टी की तरफ से उन्हें यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया था, लेकिन जयंत ने यात्रा में आने से मना करते हुए कहा था कि उनके कुछ दूसरे राजनीतिक कार्यक्रम हैं, ऐसे में राहुल के साथ नहीं चल सकते। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती जैसे मुख्य विपक्षी नेताओं ने यात्रा से खुद को दूर रखा है, लेकिन उन्होंने यात्रा के लिए बधाई दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static