बिकरू कांड: SO विनय तिवारी ने बयां किया था आलाधिकारियों से काली रात का मंजर, ऑडियो वायरल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2020 - 11:28 AM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में चौबेपुर के बिकरू गांव में दो तीन जुलाई को हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे और उसके गुर्गो द्वारा पुलिस टीम पर किए गए हमले की जानकारी तत्कालीन थानाध्यक्ष विनय तिवारी ने आला अधिकारियों को दी थी। 

बिकरू कांड से जुड़े ऑडियो मंगलवार को वायरल हुए हैं जिसमें विनय तिवारी तत्कालीन एसएसपी दिनेश कुमार पी और पुलिस अधीक्षक को अलग-अलग फोन काल कर मुठभेड़ की जानकारी दे रहा है। चौबेपुर के थानाध्यक्ष विनय तिवारी को फिलहाल निलंबित कर गिरफ्तार कर लिया गया है। तिवारी ने मुठभेड़ के दौरान तत्कालीन एसएसपी को जानकारी दी थी कि घरों से पुलिसकर्मियों को निशाना बना कर गोली दागी जा रही है। यह पता नहीं चल रहा है कि फायर किधर से आ रहा है।

विनय तिवारी ने बताया था कि गली में पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र मिश्र और 2 थानाध्यक्ष समेत करीब 15 पुलिसकर्मी फंसे है लेकिन फोन कोई नहीं उठा रहा है। उसने एसएसपी को जानकारी दी थी कि घरों से बम भी दागे जा रहे हैं। चार से ज्यादा पुलिस वालों को गोली लगी है। वह गली से बाहर आकर उनसे बात कर रहा है। करीब दो मिनट 42 सेकेंड की आडियो क्लिप में एसएसपी ने विनय तिवारी से कहा कि हमले के लिए पहले से तैयार बदमाशों को इसका मतलब पुलिस दबिश की जानकारी किसी ने दी थी लेकिन इस बारे में विनय ने खुलकर कोई जवाब नहीं दिया।   

दूसरी आडियो क्लिप में विनय तिवारी एसपी को फोन कर घटना की जानकारी दे रहा है। फोन में वह घबराया सा लग रहा है। उसने बताया कि आधुनिक हथियारों से करीब 50 राउंड फायरिंग की गई है और रूक-रूक कर फायरिंग हो रही है। हमले में फंसे पुलिसकर्मी शांत है और फोन भी नहीं उठा रहे हैं। सीओ भी फंसे हुए है। वह अधिकारियों से ज्यादा से ज्यादा फोर्स भेजने की गुहार लगा रहा था। दोनो अधिकारियों ने विनय तिवारी से मौके पर आने का आश्वासन दिया।  

गौरतलब है कि दुस्साहिक बिकरू कांड में सीओ देवेन्द्र मिश्र समेत आठ पुलिसकर्मियों की विकास दुबे और उसके गुर्गो ने हत्या कर दी थी जबकि सात पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। बाद में पुलिस ने विकास दुबे और उसके पांच साथियों को घटना के सात दिनों के भीतर मार गिराया था जबकि कई अन्य गिरफ्तार किये जा चुके हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Umakant yadav

Recommended News

Related News

static